1 सितंबर, 2023 को अंतिम परियोजना 17ए. फ्रिगेट महेंद्रगिरि का शुभारंभ एम.डी.एल., मुंबई में भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री. जगदीप धनखड़ की पत्नी डॉ. (श्रीमती) सुदेश धनखड़ द्वारा किया जाएगा। महेंद्रगिरि, जिसका नाम उड़ीसा राज्य में स्थित पूर्वी घाटों में एक पहाड़ की चोटी के नाम पर रखा गया है, परियोजना 17 ए फ्रिगेट्स का सातवां जहाज है। ये युद्धपोत परियोजना 17 श्रेणी फ्रिगेट्स शिवालिक श्रेणी के अनुवर्ती हैं, जिसमें बेहतर स्टेल्थ विशेषताएं, उन्नत हथियार और सेंसर तथा प्लेटफॉर्म प्रबंधन प्रणाली हैं। नव नामित महेंद्रगिरि एक तकनीकी रूप से उन्नत युद्धपोत है और यह स्वदेशी रक्षा क्षमताओं के भविष्य की ओर खुद को प्रेरित करते हुए अपनी समृद्ध नौसेना विरासत को अपनाने के भारत के दृढ़ संकल्प के प्रतीक के रूप में खड़ा है। परियोजना 17ए. कार्यक्रम के तहत मैसर्स एम.डी.एल. द्वारा कुल चार जहाज और मैसर्स जी.आर.एस.ई. द्वारा तीन जहाज निर्माणाधीन हैं। एम.डी.एल. और जी.आर.एस.ई. द्वारा अब तक इस परियोजना के पहले छह जहाजों को 2019-2023 के बीच लॉन्च किया गया है। परियोजना 17ए. के जहाजों को भारतीय नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो द्वारा इन हाउस डिजाइन किया गया है, जो सभी युद्धपोत डिजाइन गतिविधियों के लिए अग्रणी संगठन है। आत्म-निर्भरता के प्रति देश की दृढ़ प्रतिबद्धता के अनुरूप, परियोजना 17 ए जहाजों के उपकरणों और प्रणालियों के 75% ऑर्डर एम.एस.एम.ई. सहित स्वदेशी फर्मों को दिए गए हैं। महेंद्रगिरि की लॉन्चिंग हमारे राष्ट्र द्वारा एक आत्मनिर्भर नौसैनिक बल के निर्माण में की गई अविश्वसनीय प्रगति का एक उपयुक्त प्रमाण है।