6 सितंबर 2023 को भा.नौ.पो. सुमेधा पोर्ट अलेक्जेंड्रिया, मिस्र में 'अभ्यास ब्राइट स्टार- 23' में भाग लेने के लिए पहुंचा। बहुराष्ट्रीय त्रि-सेवा सैन्य अभ्यास के इस संस्करण में 34 देशों की भागीदारी होगी। यह मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त सैन्य अभ्यास है।
अभ्यास ब्राइट स्टार 23 को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। हार्बर चरण में व्यापक गतिविधियां जैसे कि क्रॉस-डेक यात्राएं, पेशेवर आदान प्रदान, खेल प्रतियोगिताएं और समुद्री चरण की योजना और संचालन के लिए बातचीत शामिल है। समुद्री चरण में लाइव हथियार फायरिंग ड्रिल सहित क्रॉस डेक फ्लाइंग, सतह रोधी और वायु रोधी अभ्यास शामिल करते हुए मिश्रित और उच्च तीव्रता वाले अभ्यास होंगे। इस अभ्यास से भारतीय नौसेना को अंतरसक्रियता को बढ़ाने और प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और अपने साथी देशों से समुद्री सुरक्षा संचालन में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का लाभ प्राप्त होता है।
यह ब्राइट स्टार अभ्यास में भारतीय नौसेना की पहली भागीदारी है, जिसमें अन्य मित्र विदेशी नौसेनाओं के नौसैनिक जहाजों की भी भागीदारी दिखेगी। यह अभ्यास गहन संचालन और प्रशिक्षण के साथ दो सप्ताह तक चलेगा, जिसका उद्देश्य भागीदारी करने वाली नौसेनाओं की एक एकीकृत बल के रूप में एक साथ काम करने की क्षमता की पुष्टि करना और सहयोगी प्रशिक्षण और आपसी समझ के माध्यम से समुद्री सुरक्षा और वैश्विक स्थिरता के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता को उजागर करना है।
कमांडर एम.सी. चंदीप की कमान में भा.नौ.पो. सुमेधा, स्वदेशी रूप से निर्मित सरयू श्रेणी नौसेना ऑफशोर गश्ती पोत (एन.ओ.पी.वी.) का तीसरा जहाज है, जो लंबे समय तक टिका रहने, आवश्यक हथियारों, सेंसर से सज्जित और एक महत्त्वपूर्ण हेलीकॉप्टर की तैनाती में सक्षम है। एक अत्यधिक शक्तिशाली प्लेटफॉर्म जिसे विभिन्न ऑपरेशनल मिशनों के लिए तैनात किया जा सकता है, भा.नौ.पो. सुमेधा भारतीय जहाज निर्माण उद्योग की क्षमताओं का प्रमाण देता है जो 'आत्मनिर्भर भारत' के दृष्टिकोण को रेखांकित करता है।