नौसेना सप्ताह 2023 के दौरान, दक्षिणी नौसेना कमान 15 से 19 नवंबर 2023 तक लक्षद्वीप में एक बहु-विशेषता चिकित्सा शिविर का आयोजन कर रहा है। आई.एन.एच.एस. संजीवनी के दंत चिकित्सा, शल्य चिकित्सा, रेडियोलॉजी, स्त्री रोग, बाल रोग, ई.एन.टी., नेत्र विज्ञान, मेडिसिन और त्वचा विज्ञान के क्षेत्र के विशेषज्ञों की एक चिकित्सा टीम पांच चयनित द्वीपों में शिविर का आयोजन कर रही है। पहला शिविर 15 नवंबर 2023 को आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एंड्रोथ आइलैंड में आयोजित किया गया। शिविर में 1000 मरीजों की भारी संख्या में उपस्थिति दर्ज की गई। मधुमेह और उच्च रक्तचाप प्रबंधन पर चिकित्सा सलाह, श्वसन रोगों के मामलों का निदान और प्रबंधन तथा गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व देखभाल प्रदान की गई।
शिशु और बच्चों में श्वसन संक्रमण, एटोपिक त्वचाशोथ और पोषण संबंधी एनीमिया के मामलों का निदान और उपचार किया गया। विसंगतियों का पता लगाने के लिए गर्भवती महिलाओं का यू.एस.जी. स्कैन भी किया गया। शिविर के तहत स्थानीय डॉक्टरों और स्वास्थ्य देखभाल कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस शिविर ने द्वीप के निवासियों को आवश्यक सहायता प्रदान की तथा भारतीय नौसेना के प्रयासों की सराहना की गई और उन्हें माना गया। भारतीय नौसेना लक्षद्वीप द्वीपसमूह के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।