Skip to main content

दक्षिणी तमिलनाडु में भारतीय नौसेना का बाढ़ बचाव और राहत अभियान

भारतीय नौसेना ने स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर 18 दिसंबर, 2023 से तमिलनाडु में तेजी से और व्यापक बाढ़ बचाव और राहत अभियान चलाया, जिसमें डोर्नियर विमान, ए.एल.एच. और चेतक हेलीकॉप्टरों और नौसेना टीमों ने कार्य किया। ए.एल.एच. हेलीकॉप्टरों ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित वेल्लकोविल और नरानम्मलपुरम क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए व्यापक हवाई अभियान चलाया। इन अभियानों के परिणामस्वरूप तिरुनेलवेली में तीन गर्भवती महिलाओं सहित 17 व्यक्तियों को खतरे वाली परिस्थितियों से सफलतापूर्वक बचाया गया। इन व्यक्तियों को सुरक्षा के लिए एयरलिफ्ट करते हुए, भारतीय नौसेना ने उन्हें प्लेमकोट्टई के आर्म्ड रिजर्व मैदान में उतारा, जहां स्थानीय प्रशासन द्वारा उन्हें तत्काल प्राथमिक चिकित्सा और आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गईं। इसके साथ ही, भा.नौ.पो. कट्टाबोम्मन के दो अधिकारियों और दो विशेषज्ञ गोताखोरों सहित 26 नौसेना कर्मियों की एक विशेष टीम ने तूतीकोरिन में बचाव अभियान चलाया। कई जल निकायों से होते हुए, टीम संकटग्रस्त क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए लाइफ बोट और रस्सियों का उपयोग करते हुए पैदल चली। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप 18 दिसंबर 2023 को 100 से अधिक व्यक्तियों को बचाकर उन्हें सुरक्षित क्षेत्रों में पहुंचाया गया। इन अभियानों को मजबूती देने के लिए, एच.क्यू.टी.एन. और पी. क्षेत्र से दो जेमिनी नौकाओं और चार क्लीयरेंस डाइवर्स को निरंतर बचाव अभियानों के लिए डोर्नियर के माध्यम से पहुंचाया गया। इसके अलावा, भारतीय नौसेना ने चेन्नई से तूतीकोरिन तक 400 किलोग्राम और रमेश्वरम से मदुरै तक लगभग 3500 किलोग्राम बचाव सामग्री को अपने डोर्नियर विमान और नौसेना टीमों के माध्यम से पहुंचाने की सुविधा प्रदान की। एच.क्यू.टी.एन. और पी. के. तत्वावधान में राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ संपर्क में रहते हुए भारतीय नौसेना के बचाव और राहत अभियान नजदीकी इकाइयों भा.नौ.पो. कट्टाबोम्मन और भा.नौ. पो. परुंडु के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे हैं।