Skip to main content

Home Quick Menu

रॉयल सऊदी नौसेना बल के प्रमुख एडमिरल फहद अब्दुल्ला एस. अल.-घोफेली दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि की दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर

रॉयल सऊदी नौसेना बल (आर.एस.एन.एफ.) के प्रमुख एडमिरल फहद अब्दुल्ला एस. अल-घोफेली के साथ सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 12 से 13 जनवरी, 2024 तक दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आया। इस यात्रा के दौरान आर.एस.एन.एफ. प्रमुख ने वाइस एडमिरल वी. श्रीनिवास, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ, दक्षिणी नौसेना कमान के साथ बातचीत की और समुद्री सहयोग में प्रशिक्षण तथा अंतर-संचालन सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल को भारतीय नौसेना के ऐतिहासिक, प्रशिक्षण और ऑपरेशनल पहलुओं का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। नौसेना प्रशिक्षण, क्षमता वृद्धि और प्रशिक्षण आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग के विभिन्न अवसरों पर चर्चा हुई। सऊदी अरब के किंग फहद नेवल अकादमी के 55 कैडेटों को 16 मई से 7 जून 2023 तक कोच्चि में 1टी.एस. जहाजों पर प्रथम बार समुद्री प्रशिक्षण दिया गया। दक्षिणी नौसेना कमान में आर.एस.एन.एफ. के कैडेटों द्वारा भारतीय नौसेना के साथ समुद्री जुड़ाव के दौरान प्राप्त पेशेवर विशेषज्ञता की आर.एस.एन.एफ. प्रमुख ने सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिणी नौसेना कमान के विभिन्न प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों का दौरा किया और अत्याधुनिक प्रशिक्षण बुनियादी ढांचे, सुविधाओं और सिमुलेटर पर प्रदर्शन के गवाह बने। आर.एस.एन.एफ. प्रमुख ने ऑपरेशनल सी. ट्रेनिंग में संलग्नता के विभिन्न अवसरों पर रियर एडमिरल सुशील मेनन, एफ.ओ.एस.टी. के साथ बातचीत की। सी.एस.एल. में स्वदेशी विमान वाहक भा.नौ.पो. विक्रांत और जहाज मरम्मत प्रतिष्ठान का एक निर्देशित दौरा भी किया गया। आर.एस.एन.एफ. प्रमुख की मौजूदा यात्रा आर.एस.एन.एफ. के साथ भारतीय नौसेना के महत्वपूर्ण सहयोग और दो समुद्री राष्ट्रों के बीच साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।